पंजाब के होशियारपुर में गरजे पीएम मोदी, बोले- मैंने मुंह खोला तो सात पीढ़ियों के पापों का पर्दाफाश कर दूंगा

May 30, 2024 - 23:22
 0  33
पंजाब के होशियारपुर में गरजे पीएम मोदी, बोले- मैंने मुंह खोला तो सात पीढ़ियों के पापों का पर्दाफाश कर दूंगा

नई दिल्ली। पंजाब में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होशियारपुर में पहुंचे। होशियारपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि मैं अभी चुप बैठा हूं, जिस दिन मैंने मुंह खोला, सात पीढ़ियों के पापों का पर्दाफाश कर दूंगा। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन के लोग मुझे नई-नई गालियां देते हैं। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार में डबल पीएचडी कर लिया है। अब आम आदमी पार्टी भी इसमें जुड़ गई है।

पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा कि ये गुरु रविदास जी की तपोभूमि है। संयोग देखिए काशी जहां से मैं सांसद हूं वहां गुरु रविदास जी का जन्म हुआ था, इसलिए होशियारपुर की इस पुण्य भूमि पर चुनाव सभा का समापन होना मेरे लिए सौभाग्य से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि आज देश में आकांक्षाएं नई हैं, उम्मीदें नई हैं, आज देश में आत्मविश्वास नया है। दशकों बाद ऐसा समय आया है कि पूर्ण बहुमत वाली केंद्र सरकार हैट्रिक लगाने जा रही है और इसकी सबसे बड़ी वजह विकसित भारत का सपना है।

उन्होंने कहा कि मैंने लाल किले से कहा था- यही समय है, सही समय है। आज फिर कह रहा हूं कि 21वीं सदी भारत की सदी होगी। पिछले 10 साल में भारत ने जो विकास कर दिखाया है, वह अभूतपूर्व रहा है। आज जब पंजाब के लोग, दूसरे राज्यों के लोग विदेश जाते हैं, तो खुद देखते हैं कि वहां भारत और भारतीयों की इज्जत कितनी बढ़ गई है। जब देश में दमदार सरकार होती है तो विदेशी सरकारें भी हमारा दम देखती है और वीरों की इस धरती पंजाब से बेहतर कौन जानेगा कि दमदार होने का मतलब क्या होता है।

पीएम मोदी ने कहा कि गरीब कल्याण मेरी सरकार की बहुत बड़ी प्राथमिकता है। इसमें गुरु रविदास की बहुत बड़ी प्रेरणा है। वो कहते थे कि ऐसा चाहूं राज मैं जहां मिलै सबन को अन्न, छोट बड़ो सब सम बसै, रैदास रहै प्रसन्न। बीते 10 वर्षों में हमने गरीब से गरीब को मुफ्त अनाज और मुफ्त इलाज की सुविधा दी है। आज किसी भी गरीब, दलित, वंचित के संतान को भूखे नहीं सोना पड़ता है। आज किसी गरीब महिला को अपनी बीमारी छुपाने की जरूरत नहीं है। आज सभी के पास राशन कार्ड है। मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सभी को मिल रहा है। 

पीएम मोदी ने कहा कि चुनाव के इस भागदौड़ में भी हमारी सरकार एक पल भी व्यर्थ नहीं कर रही है। सरकार बनते ही तीसरे टर्म में अगले 125 दिन में क्या होगा, सरकार क्या करेगी, कैसे करेगी, किसके लिए करेगी कब तक करेगी, इसके रोडमैप पर काम कर लिया गया है। इसमें भी 25 दिन विशेष तौर पर युवाओं के लिए केंद्रित किए गए हैं। अगले पांच साल में कौन से बड़े निर्णय लेने हैं इसकी भी रूपरेखा खींची जा चुकी है। अगले 25 साल के विजन पर भी हमारी सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि हमने अयोध्या में प्रभु राम का मंदिर तो बनाया। 500 साल बाद अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बना, इसकी पहली लड़ाई मेरे सिख भाई-बहनों ने लड़ी थी, तब से लड़ाई चली और आज राम मंदिर बना। यात्रियों की सविधा के लिए अयोध्या में बहुत बड़ा हवाई अड्डा बनाया, जिसका नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा है। यानी रामलला के पास जाना है, तो पहले वाल्मीकि जी के पास जाना होता है। इस प्रकार आदमपुर एयरपोर्ट का नाम भी गुरु रविदास जी के नाम पर रखा जाए। सरकार बनने के बाद तेजी से इस दिशा में काम किया जाएगा। भाजपा विरासत भी, विकास भी, इस मंत्र पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि जब अफगानिस्तान में संकट आया। वहां हमारे सिख भाई-बहन रहते थे। वहां गुरुद्वारा था। बहुत खतरे पैदा हो गए, तो गुरुग्रथ साहिब को श्रद्धा के साथ माथा पर रखकर भारत लाए। हमने साहिबजादों के बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाना तय किया। ये सिर्फ एक दिवस नहीं है, इतना बड़ा बलिदान, इतना बड़ा त्याग, इतनी प्रतिबद्धता बच्चे-बच्चे को पता होना चाहिए, इसलिए वीर बाल दिवस की परंपरा शुरू की। हरमंदिर साहिब के लंगर को टैक्स से मुक्त किया। 

पीएम मोदी ने कहा कि विकसित होते भारत के सामने कुछ चुनौतियां भी हैं। कांग्रेस और इंडी गठबंधन की स्वार्थ की राजनीति, वोट बैंक की राजनीति ने देश का बहुत नुकसान किया है। इनका वोट बैंक जो वोट बैंक के प्रति उनका प्यार था, जो बंटवारे के समय के हमारे करतारपुर साहिब पर भारत का अधिकार नहीं जता पाए। यही लोग हैं जो अपने वोट बैंक के लिए लगातार राम मंदिर का विरोध करते रहे। अपने तुष्टीकरण की राजनीति की वजह से इंडी गठबंधन CAA का भी विरोध कर रहा है। 

पीएम मोदी ने कहा कि आजकल देश के लोग इंडी गठबंधन वालों से संविधान का रट सुन रहे हैं। ये वो लोग हैं जब इमरजेंसी में संविधान का गला घोंट दिया था। जब 1984 के दंगों में सिखों के गले में टायर बांधकर जलाया जा रहा था, तो इन्हें संविधान की नहीं सूझी। मोदी ने एक संकल्प लिया है कि वो दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों का आरक्षण किसी को छीनने नहीं देगा। ये कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले के इरादे बहुत खतरनाक हैं, इतना पूरा ट्रैक रिकॉर्ड एससी, एसटी, ओबीसी का आरक्षण छीनने का रहा है। ये सिर्फ व सिर्फ मुसलमानों को आरक्षण देना चाहते हैं। ये धर्म के आधार पर बांटने की बहुत बड़ी साजिश है। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। 60 साल तक कांग्रेस ने जो कारनामे किए हैं, ऐसा लगता है कांग्रेस ने भ्रष्टाचार में डबल पीएचडी कर ली है। अब एक और कट्टर भ्रष्टाचारी पार्टी भी इससे जुड़ गई है। ये भयंकर झूठवादी पार्टी भी है। लोग भूले नहीं कि कांग्रेस के समर्थन से दिल्ली में झूठवादी पार्टी की सकार बनी थी। उसने कांग्रेस से बराबर भ्रष्टाचार के पाठ पढ़ लिए हैं। 

पीएम मोदी ने कहा कि ये लोग पंजाब को नशे से मुक्त करने के नाम पर आए थे, लेकिन इन्होंने नशे को ही अपनी कमाई का साधन बना दिया है। दिल्ली के शराब घोटाले को पूरी दुनिया जान चुकी है। यहां खनन माफिया भी बेलगाम चल रहा है। इन कट्टर भ्रष्टाचारियों ने, भयंकर झूठवादियों ने पंजाब को गैंगवार में झोंक दिया है। इन लोगों ने पंजाब में उद्योग और खेती दोनों को बर्बाद कर दिया है। ये कट्टर भ्रष्टाचारी, भयंकर झूठवादी तो नारी उत्पीड़न में भी नंबर वन बनते जा रहे हैं। 

पीएम मोदी ने कहा कि पंजाब पराक्रम की धरती है, लेकिन इंडी गठबंधन के लोग हर कदम पर वीरों का अपमान करते हैं। यहीं लोग जिन्होंने हमारे देश के सेना के अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत को गली का कुत्ता कहा था। वो उनका नहीं, हिंदुस्तान के हर सैनिक का अपमान था। यही लोग हैं जिन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक पर हमारी सेनाओं से सबूत मांगे थे। यही लोग हैं जो नेहरू के जमाने के 1962 की लड़ाई में चीन को क्लीन चीट देकर भारत की फौज का आये दिन अपमान करते रहते हैं। 

पीएम मोदी ने कहा कि ये हमारी सेनाओं को कमजोर करने में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी थी। देश आदाज हुआ तब से जीप घोटाला, बोफोर्स घोटाला, सबमरीन घोटाला, आर्मी के लिए ट्रक घोटाला, इन लोगों ने हर मोड़ पर देश की सेनाओं की शक्ति की चिंता नहीं की, बस लूटने और चोरी करने की योजना बनाई। तेजस फाइटर प्लेन के प्रोजक्ट को ठंडे बस्ते में डाल दिया। सेना के अंदर एकरुपता लाने के लिए सीडीएस पद के गठन को लटका कर रखा। सेना को आधुनिक बनाने के लिए जरूरी रिफॉर्म नहीं होने दिए। मोदी का लक्ष्य भारत की सेनाओं को सबसे ज्यादा आधुनिक बनाना है, आत्मनिर्भर बनाना है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow