तिहाड़ जेल में सरेंडर करने निकले सीएम केजरीवाल, बोले- जब सत्ता तानाशाही बन जाती है, तो....

Jun 2, 2024 - 22:37
 0  32
तिहाड़ जेल में सरेंडर करने निकले सीएम केजरीवाल, बोले- जब सत्ता तानाशाही बन जाती है, तो....

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार (2 जून) को तिहाड़ जेल में सरेंडर कर रहे हैं। वह आम आदमी पार्टी के मुख्यालय से तिहाड़ जेल के लिए निकल चुके हैं। तिहाड़ जेल के गेट नंबर एक पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इसी गेट से केजरीवाल अंदर जा सकते हैं। 

दिल्ली सरकार की शराब नीति के जरिए हुए कथित घोटाले में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) जांच कर रही है। इसी मामले में अरविंद केजरीवाल आरोपी हैं। उन्हें पूछताछ के लिए ही न्यायिक हिरासत में रखा गया है। अरविंद केजरीवाल को चुनाव प्रचार के लिए जमानत दी गई थी। यह जमानत आज (2 जून को) खत्म हो गई। ऐसे में वह तिहाड़ जेल में सरेंडर कर रहे हैं।

सरेंडर करने से पहले केजरीवाल अपने आवास से निकलने के बाद राजघाट पहुंचे। इसके बाद हनुमान मंदिर पहुंचे।  यहां से वे पार्टी दफ्तर पहुंचे और कार्यकताओं को संबोधित किया। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, भगत सिंह ने कहा था कि जब सत्ता तानाशाही बन जाती है, तो जेल जिम्मेदारी बन जाती है। देश को आजाद कराने के लिए भगत सिंह को फांसी दी गई थी। इस बार मैं कब जेल जा रहा हूं, मुझे नहीं पता वापस आऊंगा। भगत सिंह को फांसी हुई तो मैं भी फांसी पर चढ़ने को तैयार हूं। 

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने मुझे चुनाव प्रचार के लिए 21 दिन की जमानत दी थी। मैं इसके लिए सुप्रीम कोर्ट का आभार व्यक्त करता हूं। आज मैं फिर तिहाड़ जेल जा रहा हूं। मैंने इन 21 दिनों में से एक मिनट भी बर्बाद नहीं किया। मैंने सिर्फ आप के लिए ही नहीं बल्कि विभिन्न पार्टियों के लिए प्रचार किया। मैं मुंबई, हरियाणा, यूपी, झारखंड गया। इस समय आप महत्वपूर्ण नहीं है, हमारे लिए देश महत्वपूर्ण है। 

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के सरेंडर पर दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा, हम सीएम अरविंद केजरीवाल को 21 दिन की अंतरिम जमानत देने को लेकर सुप्रीम कोर्ट का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने बाहर आकर पार्टी के ​लिए चुनाव प्रचार किया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपना सहयोग दिया। हम सुप्रीम कोर्ट का सम्मान करते हैं। आम आदमी पार्टी का कोई भी नेता जेल जाने से डरता नहीं है। केजरीवाल की तबीयत सही न होने के बाद भी जेल जा रहे हैं। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow