आजाद हिन्द फौज के स्थापना दिवस पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वीर स्वतंत्रता सेनानियों को किया श्रद्धापूर्वक नमन….

रायपुर: वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने आजाद हिन्द फौज के स्थापना दिवस पर मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले सभी वीर सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि आजाद हिन्द फौज भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति, त्याग और बलिदान का गौरवशाली प्रतीक है। मां भारती को पराधीनता की बेडि़यों से मुक्त कराने के लिए आजाद हिन्द फौज के वीर सेनानियों ने जिस शौर्य और समर्पण का परिचय दिया, वह सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में आजाद हिन्द फौज ने देश की स्वतंत्रता के संघर्ष को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान की। श्जय हिन्दश् और ‘दिल्ली चलो’ जैसे ओजस्वी नारों ने देशवासियों के हृदय में राष्ट्रप्रेम और स्वतंत्रता की भावना को और प्रबल किया। आजाद हिन्द फौज के वीर सेनानियों ने कठिन परिस्थितियों में भी मातृभूमि की स्वतंत्रता के संकल्प को सर्वाेपरि रखा।
उन्होंने कहा कि आजाद हिन्द फौज का इतिहास हमें सिखाता है कि राष्ट्र की स्वतंत्रता, स्वाभिमान और सम्मान की रक्षा के लिए दृढ़ संकल्प, एकता और त्याग की भावना आवश्यक है। इन वीर सेनानियों का संघर्ष केवल स्वतंत्रता प्राप्ति तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने आने वाली पीढि़यों को राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा, साहस और समर्पण का अमूल्य संदेश दिया।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आजाद हिन्द फौज के स्थापना दिवस पर हम सभी को उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। विकसित और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण ही उन वीर सेनानियों के सपनों को साकार करने की दिशा में सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्री चौधरी ने आजाद हिन्द फौज से जुड़े सभी ज्ञात-अज्ञात वीर सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि मां भारती की स्वतंत्रता के लिए उनका अतुलनीय योगदान भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा।




