Sep 23 2023 / 12:21 PM

छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने किया स्वागत

रायपुर। देश के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंच गए है। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर राज्यपाल अनुसुइया उइके, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरण दास महंत ने अगवानी की। इस दौरान राज्यपाल और सीएम सहित सभी वरिष्ठ नेताओं और अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। अपने दो दिनों के प्रवास के दौरान उप राष्ट्रपति 27 दिसंबर को ओडिशा के बलांगीर जाएंगे। उसके बाद यहां वापस लौटेंगे। वे 27 दिसंबर की शाम रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह , मंत्रिमंडल के सदस्यगण, मुख्य सचिव आरपी मंडल, पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी, कलेक्टर डॉ भारती दासन व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहम्मद आरिफ सहित विशिष्ट जन भी उपस्थित थे।

उपराष्ट्रपति रात्रि विश्राम राजभवन में करेंगे। वे 27 दिसम्बर को सुबह 8:05 बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल से भारतीय वायु सेना के विशेष हेलीकॉप्टर से रवाना होकर उड़ीसा के बलांगीर जाएंगे। वे वहां आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद दोपहर 1:15 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। जहां से वे यहां से राजभवन जाएंगे।

उप राष्ट्रपति दोपहर 4 बजे रायपुर के पं दीन दयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में इंडियन इकोनॉमिक एसोसियशन के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। इसके बाद वे यहां से रवाना होकर स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचेंगे और शाम 5:30 बजे भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। उपराष्ट्रपति के इस दौरा कार्यक्रम को लेकर विशेष व्यवस्थाएं राज्य सरकार द्वारा की गई हैं। राज्य के विकास के लिए तैयार किए गए मॉडल पर भी सीएम बघेल उपराष्ट्रपति नायडू से चर्चा करेंगे।

Chhattisgarh