Dec 03 2023 / 10:18 AM

यूपी: दुष्कर्म पीड़ित के घर के बाहर चिपकाया पोस्टर, गवाही दी तो अंजाम उन्नाव कांड से भी भयानक होगा…

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दुष्कर्म के आरोपी ने पीड़ित को कोर्ट में गवाही देने पर उसके साथ उन्नाव कांड से भी बड़ी वारदात करने की धमकी दी। आरोपी हाल ही में जमानत पर जेल से रिहा होकर आया था। बुधवार को पीड़ित के घर के बाहर पोस्टर लगाकर धमकी दी गई। पीड़ित के परिवार ने पुलिस में शिकायत की। आरोपी पर केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने पीड़ित को सुरक्षा भी मुहैया कराई।

मामला बागपत जिले के बड़ौत इलाके के एक गांव का है। पीड़ित जनवरी 2018 में पढ़ाई करने के लिए दिल्ली के मुखर्जी नगर गई थी। यहां गांव का ही व्यक्ति सोरण भी रहता था। सोरण 8 मार्च को कुछ नोट्स देने के बहाने से पीड़ित को अपने एक दोस्त के किराए के मकान पर ले गया। यहां उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीली गोलियां मिलाकर दुष्कर्म किया और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगा। जुलाई 2018 में पीड़ित ने आरोपी पर मुखर्जी नगर थाने में केस दर्ज कराया।

पुलिस ने आरोपी सोरण को गिरफ्तार कर जेल भेजा, लेकिन जल्द ही उसे जमानत मिल गई। मामला रोहिणी कोर्ट में चल रहा है। 13 दिसंबर को कोर्ट में गवाही है। रेप की घटना के बाद पिता भी पीड़ित के साथ दिल्ली में रहने लगे थे। अन्य सभी परिजन बड़ौत में रहते हैं। घर पर धमकीभरा पोस्टर लगाने से पूरा परिवार दहशत में है। पीड़ित और उसके पिता अपने गांव लौट आए हैं। मामले में पीड़ित के दादा ने बड़ौत कोतवाली में शिकायत की थी।

एसपी प्रताप गोपेंद्र ने बताया, रेप पीड़िता की तरफ से सूचना दी गई थी कि दिल्ली के मुखर्जी नगर में उसके साथ रेप हुआ। आरोपी सोरण सिंह उसी के गांव का रहने वाला था। दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हाल ही में वो जमानत पर बाहर आया है। आरोप है कि उसने पीड़िता के घर के बाहर धमकी भरे पोस्टर चिस्पा किए। शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही पीड़िता को सुरक्षा दी जा रही है।

Chhattisgarh