Dec 09 2023 / 9:15 PM

संजय सिंह का बड़ा बयान, कहा- मरना मंजूर है, झुकना मंजूर नहीं, केजरीवाल बोले- ये मोदी जी की बौखलाहट

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार कर लिया है। ईडी ने शराब कांड में छापेमारी के बाद संजय सिंह को आज गिरफ्तार किया है। उन्हें गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। बता दें कि आज सुबह 7 बजे ईडी की टीम शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में संजय सिंह के आवास पर छापामार कार्रवाई करने पहुंची थी। लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने आप सांसद को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तारी के बीच आप सांसद संजय सिंह का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में उन्होंने कहा कि मरना मंजूर है… झुकना मंजूर नहीं है। मैंने अडानी के घोटालों का खुलासा किया, ईडी के पास शिकायतें की, लेकिन अडानी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। 2024 लोकसभा चुनावों में बुरी तरह हार रहे हैं। वो जुल्म करके, लोगों को जेल में डाल कर जीत नहीं सकते। मैं पहले भी घोटालों के खिलाफ बोलता था, आगे भी बोलता रहूंगा। चाहे जितनी यातनाए मोदी दे। मोदी सरकार और अडाणी के महाघोटाले के खिलाफ बोलता रहा हूं।

संजय सिंह की गिरफ्तारी के दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि संजय सिंह की गिरफ्तारी बिल्कुल गैर कानूनी है। ये मोदी जी की बौखलाहट दर्शाता है। चुनाव तक ये कई और विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार करेंगे।

इससे पहले आम आदमी पार्टी के एक्स पर एक वीडियो शेयर किया गया है। जिसमें वह अपनी मां के 2 बार पैर छूते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में आप ने कहा, जिसके सिर पर मां का आशीर्वाद हो, उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। हर क्रांतिकारी को जेल देखनी होती है, आज संजय सिंह को भी यह सौभाग्य प्राप्त हुआ। ना डरे थे, ना डरेंगे। अन्याय के खिलाफ लड़ते रहेंगे।

Chhattisgarh