संजय सिंह की गिरफ्तारी पर राघव चड्ढा का बड़ा बयान, कहा- डरी हुई बीजेपी आखिरी पैंतरा अपना रही है

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार कर लिया है। ईडी ने शराब कांड में छापेमारी के बाद संजय सिंह को आज गिरफ्तार किया है। उन्हें गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बता दें कि आज सुबह 7 बजे ईडी की टीम शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में संजय सिंह के आवास पर छापामार कार्रवाई करने पहुंची थी। लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने आप सांसद को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। आप कार्यकर्ता संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन भी कर रही है।
आप सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी पर राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में हार से बीजेपी डर गई है। डरी हुई बीजेपी आखिरी पैंतरा अपना रही है। छापेमारी राजनीति से प्रेरित है।
वहीं संजय सिंह की गिरफ्तारी पर पिता दिनेश सिंह ने कहा हमने कहा कि हम हर कदम पर सहयोग करेंगे। संजय जाने लगे तब हमने कहा जाओ घबराना नहीं। उन्हें कोई आधार नहीं मिला था। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कहा गया था इसलिए गिरफ्तारी हुई है। इसके सकारात्मक परिणाम आएंगे, सत्ता परिवर्तन होगा। उन्होंने उसे पकड़ा जिसे बिना किसी जुर्म के निलंबित किया गया। जिसे निलंबित करना चाहिए था, उसे राजस्थान का इंचार्ज बना दिया गया।
ईडी की कार्रवाई पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनके घर पर कुछ भी नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि साल 2024 के चुनाव आ रहे हैं। वे जानते हैं कि वे हार जाएंगे। ये उनके हताश प्रयास हैं। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे। ईडी, सीबीआई जैसी सभी एजेंसियां एक्टिंग हो जाएंगी।
आप विधायक सोमनाथ भारती ने संजय सिंह की गिरफ्तारी पर कहा, देश में अघोषित आपातकाल है। आपातकाल का आगाज हो चुका है। भाजपा 2024 का चुनाव हार रही है, I.N.D.I.A की जीत हो रही है। ये उसी की घबराहट है। संजय सिंह, मनीष सिसोदिया के खिलाफ कोई भी सबूत नहीं है। हम संघर्ष करते रहेंगे।