झारखंड में बोले पीएम मोदी- जो काम पाकिस्तान करता रहा, आज वह काम कांग्रेस कर रही है

दुमका। झारखंड में प्रधानमंत्री ने रविवार को दुमका में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि कल तक जो काम पाकिस्तान करता रहा, आज वह काम कांग्रेस कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर देश में अराजकता फैलाने की आरोप लगाया और कहा कि जिस तरह से देश में आग लगाने की कोशिश की गई है, उससे साफ हो गया है कि नागरिकता कानून का हमारा फैसला हजार फीसदी सच्चा है। देशहित में है।
उन्होंने कहा कि ये (झामुमो और कांग्रेस) अपने परिवार की चिंता करते रहे, तिजोरी भरते रहे। उनके पास झारखंड के विकास का न तो कोई रोडमैप है और न ही इरादा। उन्हें एक ही बात पता है, जहां भी मौका मिले भाजपा का विरोध करो, मोदी को गाली दो, वे बस यही कर रहे है। भाजपा का विरोध करते-करते इन्हें देश का विरोध करने की आदत हो गई है। इसमें वे कई बार सीमा रेखा भी लांघ देते हैं।
मोदी ने यह भी कहा, आपने समाचारों में देखा होगा कि संसद में नागरिकता कानून से जुड़ा बदलाव किया गया। पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में अन्य धर्मों के लोगों पर जुल्म हुए, उनकी बहन-बेटियों की इज्जत मुश्किल हो गई।
इन तीन देशों के हिंदू, ईसाई, बौद्ध, जैन, पारसियों को यहां शरणार्थी का जीवन जीना पड़ा। इनके जीवन को सुधारने के लिए संसद के दोनों सदनों ने भारी बहुमत से नागरिकता बिल पास किया। कांग्रेस और उसके साथी हल्ला मचा रहे हैं। उनकी बात नहीं चलती तो आगजनी करते हैं। टीवी पर जो दिख रहा है, ये आग लगाने वाले कौन हैं, उनके कपड़ों से पता चल जाता है।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस का यह काम पाकिस्तान जैसा है। पाकिस्तान भारत को दुनिया में बदनाम करना चाहता है और कांग्रेस ने भी कल यही प्रयास किया। उन्होंने कहा, ‘आप हैरान हो जाएंगे कि जो काम लंदन में हमेशा पाकिस्तान करता रहता है, पाक के पैसों से कुछ बिकाऊ लोग करते रहते हैं, पहली बार वही काम कांग्रेस वालों ने किया है। इससे ज्यादा शर्म की बात क्या हो सकती है?
क्या दुनिया के देशों में भारत के ही दूतावास के सामने भारत का ही व्यक्ति प्रदर्शन करता है क्या? अगर गिला-शिकवा तो बात करता है। वह कागज होता है, वह दूतावास भारत सरकार को पहुंचा देती है। दुनिया में भारत को बदनाम करने का काम हो रहा है।’ पता हो कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक दिन पहले ही दिल्ली में हुई भारत बचाओ रैली के समय दुनिया के कई देशों में स्थित भारतीय मिशनों के बाहर प्रदर्शन किया था।